Monday, 13 December 2021

राम सरीखा राम है


राम सरीखा राम है


हमारे अमुक मित्र केवल सुबह की सैर के मित्र नहीं हैं, जरा-बौद्धिक कही जाने वाली समय बिताऊ चर्चाओं के, राजनीति की नासमझ बहसों के भी मित्र हैं। अब की बार बात तो कुछ ख़ास भी नहीं थी लेकिन बात तो थी और साधारण से असाधारण बन गई।

 रामराज्य के संदर्भ में हमारे मुँह से निकल गया, "राम सरीखा राजा ...।"
हम वाक्य पूरा कर पाते उससे पहले ही देखा मित्र का चेहरा कुछ कच्चे करेले खाए-सा हो गया। तुरंत बोले, "जमा नहीं..."
"क्या?"
"भगवान राम के नाम के साथ आप ' श्रीराम के समान राजा', 'रामचंद्र जी जैसा राजा', 'श्रीराम के समतुल्य राजा' कहते। 'राम सरीखा राजा' जम नहीं रहा।"
"क्यों?"
"उर्दू का है।"
लगा अब करेले खाने की बारी हमारी है। निवेदन किया,"नहीं भगवन, यह सौ फ़ीसदी हिंदी का है।"
हम अपने मोटे चश्मे से उनकी कनपटियों पर गहराता लाल रंग देख पा रहे थे। अपने आवेश को शिष्टता से दबाकर मित्र बोले, "आपसे बहस नहीं करनी। आप तो उर्दू को ही हिंदी बताते हैं।"
बहस तो हमें भी नहीं करनी थी लेकिन बताना अवश्य चाहते थे कि उर्दू हिंदी ही है और सरीखा शब्द फ़ारसी-अरबी-तुर्की (FAT) वाली उर्दू का नहीं है, देवभाषा संस्कृत वाली उर्दू-हिंदी का है। थोड़ी देर के लिए मान भी लें कि उर्दू का है, तो राम के साथ क्यों न आए। पर हम न पूछ पाए, न बता पाए कि सुबह की सैर का आनंद ही न जाता रहे।

उन्हें तो नहीं बता पाए, पर यहाँ बताना चाहेंगे। सरीखा शब्द संस्कृत के "सदृक्ष" से व्युत्पन्न है। शौरसेनी प्राकृत में यह सरिक्खा 𑀲𑀭𑀺𑀓𑁆𑀔  बना और हिंदी तथा अन्य अनेक भाषाओं में सरीखा। गुजराती में  સરખું , मराठी में सारखे । उर्दू में है तो सरीखा ही पर उर्दू की नास्तालिक लिपि में लिखा जाता है  سریکھا । बोला जाएगा - सरीखा।
हिंदी में (संभवतः संस्कृत में भी) सदृक्ष की अपेक्षा सदृश का प्रयोग अधिक मिलता है, यद्यपि दोनों पर्याय हैं। अमरकोश के अनुसार:
"समस्तुल्यः सदृक्षः सदृशः सदृक्.।"
काश मेरे वे मित्र मुझे बोलने देते।

"सरीखा" के बहाने भवानी भाई (भवानीप्रसाद मिश्र) की कुछ पंक्तियाँ याद आ गईं -
" कल सरीखे दिन सदा बीतें प्रभो
कल सरीखे सतपुड़ा की गोद वाले दिन
कल सरीखे पुण्यवर्षी मोद वाले दिन
गानवाले-छंदवाले दिन
स्वर्ण सुरभित मंजरी की गंध वाले दिन
धूल से निखरे हुए
आकाश तक बिखरे हुए
कल सरीखे दिन सदा जीतें प्रभो
कल सरीखे दिन सदा बीतें प्रभो। "

#