किसी की नज़र न लगे...
ब्रिटिश अंग्रेजी में 'टच वुड' या अमेरिकी अंग्रेजी में 'नॉक ऑन वुड' यह बताने के लिए प्रचलित है कि आप जो कुछ कर रहे हैं उसमें आपको सफलता की, अच्छे भाग्य की उम्मीद रहे। आप 'टचवुड' कहते हैं और सुनने वाला भी आपसे सहमत होता हुआ कभी-कभी टचवुड कहता है। एक ईसाई विश्वास है कि सूखी लकड़ी में दुष्ट आत्माओं का निवास होता है और यदि हम कुछ सौभाग्य की बात कहते हैं तो दुष्ट आत्माएँ सुन लेती हैं और उसमें बाधा उत्पन्न करती हैं। इसलिए लकड़ी को छूकर उन्हें शांत किया जाता है जिससे दुर्भाग्य न आए। अनेक यूरोपीय और अमेरिकी देशों में इसका बहुत चलन है। अपने देश में भी आजकल नई पीढ़ी में इस मुहावरे का बहुत चलन है। यह ऐसा ही है जैसे हिंदी/उर्दू में 'नज़र न लगे' कहा जाता है।
नज़र लगने से बचाव के लिए तुर्की भाषा से एक शब्द चला 'नज़र बोन्चु' (nazar boncuğu)। अपने यहाँ नज़रबट्टू (बजरबट्टू ) शब्द का मूल शायद यही हो। नज़र से बचने के तलिस्मा/ताबीज़ (evil eye amulet) का चलन भी तुर्किये से बताया जाता है जो अब दुनिया भर में बिकते हैं! तुर्किये के गोरेन राष्ट्रीय उद्यान में तो नज़र बोन्चु के पेड़ पर काँच की नीली आँख-जैसे सैकड़ों ताबीज़ लटकाए हुए होते हैं जिन्हें खरीदने दूर-दूर से लोग जाते हैं।
(चित्र सौजन्य: Wikicommons)
आजकल मोबाइली भाषा में बुरी नज़र रोकने के लिए एक इमोजी भी है 👁️.
नज़र न लगने देने के लिए टोटकों का यह विश्वास दुनिया के अनेक समुदायों में भिन्न-भिन्न रूपों में पाया जाता है। भारत में भी बीसियों प्रकार के टोटके हैं। राई-नमक चटकाना, फिटकरी फुलाना, लाल मिर्च जलाना, धूनी देना, काजल लगाना, काला/लाल धागा बाँधना, सिर पर मोरपंख , झाड़ू या चप्पल फिराना, नींबू लटकाना, क्रॉस पहनना, किसी मंत्र, आयत या स्तोत्र का पाठ करना, नज़र बट्टू का मुखौटा टाँगना इत्यादि सैकड़ों उपाय बताए और किए जाते हैं। नजर उतारने के उपाय खोजने वालों की भीड़ ओझाओं, तांत्रिकों, ज्योतिषियों, मौलवियों, पादरियों के यहाँ देखी जा सकती है।
भूटान में नज़र न लगने देने का एक लोकप्रिय उपाय है घरों के मुख्य द्वार पर शिश्न की आकृति की खूँटी गाढ़ दी जाती है। वास्तु दोष निवारण, फेंगशुई उपाय आदि का संबंध भी बुरी नज़र बचाने से बताया जाता है। अपने देश में ट्रकों के पीछे स्पष्ट चेतावनी लिखी होती है, "बुरी नज़र वाले तेरा मुँह काला!"
आपके क्षेत्र में बुरी नज़र से बचने के लिए क्या किया जाता है?
****