कुछ लोगों ने शतरंज के विश्व चैंपियन गुकेश के नाम की व्युत्पत्ति पूछी है। सामान्यतः नाम और ग्राम की व्युत्पत्ति पर विचार नहीं किया जाता, नामग्रामयोर्व्युत्पत्तिर्नास्ति। नाम जो है, वही ठीक है। अर्थ भी वही है जो नामधारक स्वयं है।
फिर भी यदि गुकेश की व्युत्पत्ति बताना आवश्यक हो तो मेरे विचार से उसे "गुडाकेश" का मिश्रित शब्द (portmanteu) कहा जा सकता है! ( पोर्टमेंट्यू कााअर्थ है दो शब्दों की ध्वनियों को मिलाकर बनाया हुआ नया शब्द। जैसे अंग्रेजी में स्मोक और फॉग से स्मॉग)
गुडाकेश अर्जुन का प्रसिद्ध नाम है और शिव का भी। गुडाकेश की व्युत्पत्ति दो प्रकार से की जाती है। गुडाका+ईश, अर्थात् गुडाका (=नींद और आलस्य) को जिसने जीत लिया है। किसी भी कौशल में विश्व प्रसिद्ध बनने के लिए गुडाका (नींद और आलस्य) को जीतना पड़ता है, और साधना करनी पड़ती है जो इस खिलाड़ी ने भी की होगी। इसलिए गुडाकेश।
गुडाकेश का दूसरा अर्थ है गुडा+केश। गोल गुच्छेदार , काले, चमकीले बालों वाला, जटायुक्त केश वाला।
इसलिए भी यह नाम उपयुक्त है, निरर्थक नहीं।
महत्त्वपूर्ण पहलू यह भी है कि हम हिंदी या संस्कृत के दृष्टिकोण से व्युत्पत्ति ढूँढ रहे हैं। खिलाड़ी की मातृभाषा में इसकी भिन्न व्युत्पत्ति संभव है।
जैसा कि प्रारंभ में ही कहा गया, नाम की कोई व्युत्पत्ति या अर्थ अवश्य हो, यह आवश्यक नहीं है। नाम तो "मुकेश" भी व्याकरण सिद्ध नहीं, लोक सिद्ध है। मुकेश का कोई शाब्दिक अर्थ नहीं होता लेकिन यह नाम पूरे भारत में मिलेगा।
****
No comments:
Post a Comment