Saturday, 12 June 2021

बात अधिक, अधिकांश और अधिकतर की

अधिक, अधिकांश और अधिकतर
   •••    •••    •••

चूँकि अधिकांश और अधिकतर दोनों ही अधिक से बने हैं,  इसलिए पहले अधिक की ही चर्चा की जाए। अधिक परिमाण, मात्रा और संख्या बताने वाला विशेषण है। बहुत, ज़्यादा (much) के अर्थ में; जैसे आपको अधिक कष्ट नहीं होगा।
तुलना (more) के अर्थ में:  मुझे आप से अधिक वेतन नहीं मिलता।
मात्रा (quantity): अधिक वर्षा से फसल नष्ट हो गई।

'अधिकांश' दो शब्दों (अधिक+अंश) से बना हुआ यौगिक शब्द है और 'अधिकतर' अधिक के साथ तुलनार्थक '-तर' प्रत्यय जुड़ने से बना है। 'अधिकांश' गणनीय इकाइयों के साथ प्रयुक्त नहीं होगा क्योंकि 'अंश' का अर्थ भाग है जिसे गणित से नहीं समझाया जा सकता। अर्थात् अंश की इकाइयों को एक-एक कर व्यक्त नहीं किया जाता; जैसे,
"अधिकांश विधायक असंतुष्ट बताए जाते हैं" कहना ठीक नहीं होगा। "अधिकतर विधायक" ठीक है क्योंकि विधायक गिने जा सकते हैं।
"अधिकांश रेलें समय पर चल रही हैं" कहना भी ठीक नहीं है क्योंकि रेलें गिनी जा सकती हैं। इसलिए अधिकतर रेलें। 
इसी प्रकार अधिकांश खेत, अधिकांश गेहूँ, अधिकांश बजट, अधिकांश कपड़ा, अधिकांश समय, अधिकांश संपत्ति, अधिकांश शक्ति, अधिकांश भीड़ कहना ठीक है।
खेतों, कपड़ों आदि की कभी गणना संकेतित हो तो अधिकतर भी संभव है। जैसे:
पहाड़ों में अधिकतर खेत सीढ़ीदार हैं, खेत का अधिकांश उपजाऊ है।
अधिकतर कपड़े सूख गए, इस कपड़े का अधिकांश गीला है।
"अधिकांश भाग" भी कहा, लिखा जा रहा है किंतु यह भी व्यर्थ की द्विरुक्ति है, जो अंश है वही भाग भी है।

'अधिकांश' प्राय: एकवचन रहता है किंतु 'अधिकतर' में चूँकि एकाधिक इकाइयाँ होती हैं, इसलिए वह बहुवचन; जैसे:
अधिकांश मैदान खाली पड़ा था, अधिकतर लोग जा चुके थे।
अधिकांश वन काटा जा चुका, अधिकतर पेड़ बिक गए।
अधिकांश फिल्म बेकार थी, अधिकतर संवाद उबाऊ थे।


##

No comments:

Post a Comment